Report by : News Desk
Published at :
पीएम मोदी की सुरक्षा में तैनात होंगे पांच हजार सुरक्षाकर्मी
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा घेरा मल्टी लेयर होगा। सुरक्षा में एसपीजी, एटीएस समेत 5000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर सशस्त्र जवानों की निगहबानी रहेगी। वीआईपी रूट पर रूफ टॉप फोर्स, ड्रोन सर्विलांस से निगरानी की जाएगी।

सिगरा स्टेडियम और हरहुआ के हरिहरपुर में शंकरा नेत्रालय के प्रस्तावित मार्गों का बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने निरीक्षण किया। वीवीआईपी मंच, सभा स्थल, कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग, अस्थायी पार्किंग स्थल, सुरक्षा बलों की तैनाती आदि का निरीक्षण किया। वहीं, वीआईपी कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों की सुविधाओं को देखते हुए यातायात डायवर्जन प्लान पहले से लागू कराने आदि को लेकर डीसीपी यातायात को निर्देशित किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि वीवीआईपी के सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन हो।

निरीक्षण में अपर पुलिस आयुक्त कानून व व्यवस्था एस. चन्नप्पा, पुलिस उपायुक्त यातायात व प्रोटोकॉल हृदेश कुमार, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन चन्द्रकांत मीना, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा सरवणन टी., अपर पुलिस उपायुक्त यातायात राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी दौरे को देखते हुए सुरक्षा-व्यवस्था का खाका खींचने के लिए एसपीजी की टीम बुधवार की शाम पहुंच गई। बृहस्पतिवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पर एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग (एएसएल) की बैठक समेत प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का एसपीजी की टीम निरीक्षण करेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसपीजी संभालेगी। 

बाबतपुर एयरपोर्ट पर सभी विभागों के साथ एसपीजी एएसएल बैठक करेगी और फिर एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक का रूट रिहर्सल समेत अन्य कई बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था को परखेगी। प्रधानमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम में शामिल होने वाले जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, अधिकारियों समेत अन्य के नामों की सूची पर शुक्रवार को अंतिम मुहर लगेगी। शनिवार को पीएम की डमी फ्लीट रिहर्सल, टच एंड गो और कार्यक्रम स्थलों को एसपीजी अपने कब्जे में ले लेगी।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›