Mrt 1 4

Ram Navmi: मेरठ में राम नवमी पर निकाली गई शोभा यात्रा, कन्‍याओं का भी किया गया पूजन

0 minutes, 0 seconds Read

मेरठ। आज रविवार को शहर में राम नवमी की धूम रही। कई स्‍थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नवमी के दिन भगवान राम का प्राकट्य उत्सव भी मनाया गया। इस दिन रवि योग है। इसके साथ रवि पुष्य योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, सुकर्मा योग भी है। इस तरह रामनवमी पर चतुर्महा योग है। मेरठ में नवमी में भी कन्‍याओं का पूजना किया गया। घर-घर में कन्‍याओं को जिमाया गया।

इस बार नवरात्र पूरे नौ दिनों तक रहा। कई भक्त अष्टमी को तो कई भक्त नवमी को कन्या पूजन करते हैं। रविवार को नवमी पर मंदिरों में लोगों की भीड़ नजर आई, वहीं मेरठ सहित कई जिलों में भक्‍तों ने कन्‍याओं का पूजन करके कंजक जिमाई। लालकुर्ती रामा मंदिर से राम नवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्‍या में भक्‍तों ने भाग लिया।
दुर्गा अष्टमी पर शहर में बही भक्ति की बयार
मेरठ शहर में दुर्गा अष्टमी के पावन पर्व पर देवी की भक्ति की बयार बहती नजर आई। दो वर्ष बाद कोरोना मुक्त माहौल में लोगों का भक्ति भाव जोरों पर रहा। घरों और मंदिरों में देवी धूप दीप से स्तुति करने के बाद कन्याओं का पूजन हुआ। मंदिरों में भी विशेष अनुष्ठान हुए। जागृति विहार स्थित मंशा देवी मंदिर में सुबह से भक्तों की कतारें लग गईं। दोपहर तेज धूप में देवी के दर्शन के लिए लोग खड़े रहे। भंडारा हुआ। पुजारी अनिल गिरि ने बताया कि नवमी पर विशेष पूजन होगा। लालकुर्ती रामा संकीर्तन मंदिर में शनिवार को महागौरी का पूजन हुआ। 201 कंजकों का पूजन हुआ। चंद्रकांता, प्रभात गुप्ता, नवीना छाबड़ा ने भजन गाए। ट्रस्ट के महामंत्री सुरेश छाबड़ा ने जय जगदंबा का कीर्तन कराया।
भजन संध्‍या का आयोजन
कैंट स्थित शाकंभरी देवी मंदिर में पुजारी दिनेश शास्त्री ने पूजन किया। प्रवीण गुप्ता, सुनील सक्सेना, सुरेश कुमार, संजय गर्ग, प्रदीप अग्रवाल, शुभम त्यागी आदि मौजूद रहे। जागृति विहार सेक्टर सात में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान में भजन संध्या का आयोजन हुआ। गुरु आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी लोकेशा भारती ने प्रवचन किया। नौचंदी स्थित श्री बाला जी मंदिर में दुर्गाष्टमी पर आचार्य मनीष स्वामी ने कन्या पूजन किया। सम्राट पैलेस स्थित राजराजेश्वरी मंदिर में अग्रवाल समाज महासभा समिति की सदस्याओं ने कीर्तन किया। महानगर अध्यक्ष रुचि गर्ग, पूनम जिंदल, प्रीति श्रीवास्तव, संगीता गुप्ता आदि मौजूद रहे। शास्त्रीनगर स्थित गोल मंदिर में पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब के निदेशक आयुष गोयल ने तुलसी के पौधे बांटे।

author

Santram Pandey

पत्रकारिता के 40 बसंत पार कर चुके संतराम पांडे, पूर्णकालिक पत्रकार हैं और खाटी पत्रकारिता के जीवंत उदाहरण स्वरूप अंकुरित प्रतिभाओं को सहयोग प्रदान कर रहे हैं। वर्तमान में ई-रेडियो इंडिया के वरिष्ठ संपादक हैं।

Similar Posts

error: Copyright: mail me to info@eradioindia.com