• मेरठ
  • मिट्टी से भरे डंपर को रोककर चालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग

    WhatsApp Image 2026 08 31 at 7.25.01 PM
    e radio india meerut

    हाथ में गोली लगने से चालक घायल, वारदात के बाद मचा हड़कंप दो आरोपी गिरफ्तार दो फरार

    सरधना। कालंदी गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मिट्टी से भरे डंपर को लेकर जा रहे चालक पर चार युवकों ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से चालक घायल हो गया। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। जानकारी के अनुसार सरूरपुर थाना क्षेत्र के खिवाई गांव निवासी धीरज चौहान शनिवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे कालंदी गांव में खेत से डंपर में मिट्टी लादकर ले जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में चार युवकों ने डंपर को रोक लिया। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपियों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में एक गोली धीरज के हाथ में जा लगी। गोली लगते ही चालक घायल होकर मदद के लिए शोर मचाने लगा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल चालक ने घटना की जानकारी तत्काल खेत मालिक राजसिंह को दी। साथ ही मुल्हेड़ा पुलिस चौकी को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। खेत मालिक की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने नामजद आरोपी अजय और विजय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और फायरिंग में प्रयुक्त हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है। रात के समय डंपर चालक को रोककर की गई फायरिंग की घटना से कालंदी गांव में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    1b2110adbef6a0e816f24ebb03020a29

    News Desk

    आप अपनी खबरें न्यूज डेस्क को eradioindia@gmail.com पर भेज सकते हैं। खबरें भेजने के बाद आप हमें 9808899381 पर सूचित अवश्य कर दें।
    1 mins