मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स के अंतर्गत फैशन एवं टेक्सटाइल डिजाइन विभाग के छात्रों और संकाय सदस्यों ने लैक्मे फैशन वीक 2026 में शानदार भागीदारी निभाई। यह प्रतिष्ठित आयोजन जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर, मुंबई में आयोजित हुआ।
बी.डिज़ाइन तृतीय वर्ष की छात्राएं—कीर्ति, मुस्कान सिंह, प्रेनिका और प्रिया यादव—का चयन वॉलंटियर्स के रूप में हुआ। उन्होंने इवेंट असिस्टेंट की भूमिका निभाते हुए बैकस्टेज समन्वय, शो मैनेजमेंट और समग्र इवेंट संचालन में सक्रिय योगदान दिया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने फैशन इंडस्ट्री के दिग्गज डिजाइनरों जैसे राहुल मिश्रा, अमित अग्रवाल, रितु कुमार और भूमिका शर्मा के शो में सहयोग करते हुए उद्योग की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किया।

यह शैक्षणिक दौरा विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिन्होंने विद्यार्थियों के साथ इस राष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
ललित कला संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन न केवल फैशन इंडस्ट्री को नई दिशा देता है, बल्कि युवाओं को अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा भी देता है।
वहीं विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने कहा कि इस भव्य आयोजन में भागीदारी से यह साबित होता है कि सुभारती फैशन वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।







