जागरूकता कार्यक्रम से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
मेरठः
स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एनएसएस यूनिट-3 द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत शर्मा के नेतृत्व एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अमित कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के तहत विभिन्न जन जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें रैली, मोबाइल के दुष्प्रभावों पर जानकारी, हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन तथा जंक फूड के नुकसान पर विस्तृत चर्चा शामिल रही।
कार्यक्रम के अंतर्गत सुभारती विश्वविद्यालय स्थित ईश्वरचंद्र विद्यासागर श्रमिक स्कूल में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान इकाई-3 के स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया। साथ ही, छात्रों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया । इसके अतिरिक्त, स्वयंसेवकों के द्वारा विद्यालय के बच्चों के मध्य हाथ धोने की सही तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन कर स्वच्छता के महत्व को समझाया गया। वहीं जंक फूड के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर भी प्रकाश डाला गया तथा संतुलित आहार अपनाने के लिए उन्हें प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। इस दौरान इकाई-3 के स्वयंसेवक व विद्यालय के विद्यार्थी व शिक्षकगण उपस्थित रहे।







