
सिवालखास में घंटों तक छापेमारी
संचालक नहीं दिखा सके दस्तावेज
मेरठ। जानी थानाक्षेत्र के कस्बा सिवाल खास में जानी-नंगला मार्ग पर स्थित एक संदिग्ध गोदाम में ड्रग डिपार्टमेंट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी फोर्स के साथ अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में दवाइयों और कॉस्मेटिक्स का जखीरा बरामद किया गया है।
ड्रग डिपार्टमेंट के असिस्टेंट कमिश्नर अतुल उपाध्याय के नेतृत्व में मंगलवार की शाम हुई इस कार्रवाई में डीआई संतोष पटेल, ज्योत्सना आनंद,क्राइम ब्रांच, सिवाल खास चौकी प्रभारी नितिन कुमार की टीम शामिल रही। अचानक अधिकारियों के साथ पुलिस के गोदाम में दाखिल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान गोदाम संचालक अकर पुत्र सलीम ने अधिकारियों के सामने दावा किया कि गोदाम में रखा माल एक्सपायर हो चुका है और इसे कबाड़ (स्क्रैप) के रूप में खरीदा गया था। हालांकि, जब टीम ने दवाइयों और कॉस्मेटिक सामान के खरीद-बिक्री से जुड़े वैध कागजात मांगे, तो वे एक भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। कागजात न मिलने पर अधिकारियों ने पूरे जखीरे को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या इन एक्सपायरी दवाइयों और ब्यूटी प्रोडक्ट्स को री-पैकिंग करके दोबारा बाजार में खपाने की साजिश तो नहीं थी?फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की गहनता से लिखापढ़ी और कानूनी कार्रवाई में जुटे हैं।







