
मेरठ। मुंबई की डिटेक्टिव कंपनी के अधिकारियों ने रेलवे रोड थाना पुलिस की मदद से लाखों रुपए के 33 नकली सबमर्सिबल पंप के साथ लखनऊ के दो जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ रेलवे रोड थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी है।
मुंबई की आईपी इन्वेस्टिगेशन एंड डिटेक्टिव सर्विस के अधिकारी दिल्ली निवासी रविंद्र सिंह ने बुधवार को रेलवे रोड पुलिस से संपर्क किया। रविंद्र ने बताया कि उनकी कंपनी क्राम्पटन ग्रीव्स और गोल्ड मेडल इलेक्ट्रिक कंपनी के लिए काम करती है। जिसके तहत वह इन कंपनियों के नाम पर मार्केट में बेचे जाने वाले नकली माल की निगरानी करते हैं। रविंद्र ने बताया कि उनकी क्लाइंट कंपनियों के नाम पर मेरठ में नकली सबमर्सिबल पंप सप्लाई किए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस में रविंद्र की सूचना पर जैन नगर तिराहे के पास घेराबंदी करते हुए वेगनार कार में सवार दो लोगों को धर लिया। कार की तलाशी लेने पर क्रांप्टन कंपनी के 17 और गोल्ड मेडल कंपनी के 16 नकली सबमर्सिबल पंप बरामद हुए। जिनकी कीमत लाखों में है। कार से दबोचे गए दोनों लोगों ने अपने नाम लखनऊ निवासी रामाधार और अभिषेक कुमार बताए। आरोपियों ने बताया कि वह यह नकली पंप मेरठ में सप्लाई करने लाए थे। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ रेलवे रोड थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

