
एक सप्ताह से खुदी पड़ी सड़कें
बदहाल रास्तों से लोग हुए परेशान
सरधना। कस्बे में जल निगम की कथित मनमानी और लापरवाही के चलते आम लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पाइपलाइन बिछाने के नाम पर तहसील तिराहे और नगर पालिका कार्यालय के सामने करीब एक सप्ताह पहले सड़क खोद दी गई थी, लेकिन पाइपलाइन डालने के बाद ठेकेदार सड़क की मरम्मत कराना भूल गया। नतीजा यह है कि मुख्य मार्ग पर खुदाई और गड्ढों के चलते राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार विभाग को लोगों की परेशानी दिखाई नहीं दे रही है। सबसे बड़ी चिंता आगामी कृपाओं की माता मरियम के चर्च मेले को लेकर है। महज आठ दिन बाद सरधना में प्रसिद्ध चर्च मेला आयोजित होने जा रहा है। इस मेले में मेरठ समेत आसपास के जनपदों और दूरदराज के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मेले से ठीक पहले कस्बे के प्रमुख मार्गों की बदहाल स्थिति प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन के दौरान भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निगम ने पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क खोदने में तेजी दिखाई, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क को ठीक कराने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। तहसील तिराहा और नगर पालिका के सामने जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सड़क की यह स्थिति बनी हुई है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं। खुदी सड़क के कारण जाम और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। गौरतलब है कि एक दिन पहले आयोजित शांति समिति की बैठक में भी गणमान्य लोगों ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए चर्च मेले से पहले मरम्मत कराने की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जल निगम के अधिकारियों से मांग की है कि मेले की तैयारियों को देखते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए। लोगों का सवाल है कि जब मेले में लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होना है तो जिम्मेदार विभाग आखिर कब जागेगा? क्या अधिकारियों को किसी बड़ी अव्यवस्था का इंतजार है?

