
- पालिका बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा
- सड़कों की बदहाली का मुद्दा भी गूंजा
- आश्वासन के बाद शांत हुए सभासद
सरधना। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक शुक्रवार को उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब नगर की समस्याओं और चर्च महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा के बीच जलपान को लेकर सभासदों ने जमकर हंगामा कर दिया। बैठक में समोसे तो परोसे गए, लेकिन उनके साथ पेड़ा नहीं मिलने पर कुछ सभासदों ने नाराजगी जताई। देखते ही देखते जलपान को लेकर नोकझोंक शुरू हो गई। दूसरी ओर टैक्स संशोधन कमेटी का गठन नहीं होने पर भी सभासदों ने विरोध जताते हुए धरना शुरू कर दिया। कुल मिलाकर चर्च महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक में सड़क, सफाई और प्रकाश व्यवस्था के साथ समोसे और पेड़े का मुद्दा भी छाया रहा।
नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन सबला अंसारी ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने किया। बैठक में आगामी चर्च महोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई। सभासदों ने कहा कि सरधना के ऐतिहासिक चर्च महोत्सव में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में नगर की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखना पालिका की जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू की जानी चाहिए। सभासद मन्नान कुरैशी ने जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई महीने बीतने के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है। तहसील तिराहे सहित कई स्थानों पर सड़कें बदहाल हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने महोत्सव से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की। सभासद कासिम अंसारी और शानू जैन ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई वार्डों में नियमित कूड़ा नहीं उठ रहा है और नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। उन्होंने महोत्सव से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की। सभासद तारिक हसन ने खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलवाकर नई एलईडी लाइटें लगवाने की बात कही। वहीं खालिद अंसारी ने अतिक्रमण हटवाने और पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया। टैक्स कमेटी को लेकर धरने पर बैठे सभासद बैठक में टैक्स संशोधन के लिए कमेटी का गठन नहीं होने पर सभासदों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने इस मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए बैठक के बीच ही धरना शुरू कर दिया। सभासदों का कहना था कि टैक्स संशोधन कमेटी का गठन अब तक नहीं किया गया है। मामला बढ़ता देख चेयरपर्सन सबला अंसारी और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने कमेटी का गठन कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभासद शांत हुए और बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी। समोसे मिले, पेड़ा गायब तो बिगड़ा जलपान का जायका बैठक का सबसे दिलचस्प घटनाक्रम जलपान के दौरान सामने आया। जलपान में सभासदों के लिए समोसे तो रखे गए, लेकिन उनके साथ पेड़ा नहीं दिया गया। इस पर कुछ सभासदों ने नाराजगी जताते हुए विरोध शुरू कर दिया। पेड़ा नहीं मिलने को लेकर हुई नोकझोंक ने बैठक के माहौल को गर्म कर दिया। नगर की समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा के बीच जलपान का यह मामला भी चर्चा का विषय बन गया। बैठक के अंत में चेयरपर्सन और अधिशासी अधिकारी ने चर्च महोत्सव से पहले जल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों की मरम्मत, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें मंजूरी दी गई। इस मौके पर इमरान ठाकुर, शहजाद सितारा फरमान अंसारी, कासिम अंसारी, खालिद अंसारी, यूसुफ हाजी, मन्नान कुरैशी, पिंकी सोम, सानू जैन, तारिक हसन, संजय सोनी, दीपक जैन और अंजलि सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।

