
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच दोनों देशों के बयानों ने कूटनीतिक हलचल तेज कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के साथ सैन्य टकराव का मामला लगभग समाप्त हो सकता है।
इसके जवाब में ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मेजर जनरल मोहसेन रेजाई ने अमेरिका के सामने सात शर्तें रखी हैं। उन्होंने कहा है कि संघर्ष समाप्त करने के लिए अमेरिका को ईरान की मांगें स्वीकार करनी होंगी।ईरानी मीडिया से बातचीत में रेजाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध ने अमेरिकी सरकार को कमजोर किया है। उन्होंने अमेरिका से काल्पनिक बातचीत की खबरें फैलाना बंद करने और पश्चिम एशिया में बदलती परिस्थितियों को स्वीकार करने की अपील की।
रेजाई के अनुसार, अब संघर्ष समाप्त करने का समय है और इसके लिए अमेरिका को ईरान की सात शर्तों के सामने झुकना होगा।
ईरान की सात प्रमुख मांगें
रेजाई ने जिन सात शर्तों का उल्लेख किया है, उनमें सभी मोर्चों पर तत्काल शत्रुता समाप्त करना, होर्मुज जलडमरूमध्य से अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी हटाना और वहां की शिपिंग लेन को फिर से खोलना शामिल है।
इसके अलावा ईरान ने अपने ऊपर लगाए गए आर्थिक प्रतिबंध हटाने, विदेशों में रोकी गई ईरानी संपत्तियां जारी करने और देश के आंतरिक मामलों में अमेरिकी हस्तक्षेप बंद करने की मांग की है।

