देश

पीएम मोदी ने नेपाल पीएम बालेन्द्र शाह को दिया त्रिवेणी का जल

e radio india meerut

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक रिश्तों को सोमवार को नई मजबूती मिली। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच हुई उच्चस्तरीय द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों की साझा विरासत और आपसी सहयोग की झलक देखने को मिली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को त्रिवेणी का पवित्र जल भेंट किया, जबकि बालेन्द्र शाह ने उन्हें रुद्राक्ष की माला और पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद देकर भारत-नेपाल के गहरे धार्मिक संबंधों का संदेश दिया।
हैदराबाद हाउस में आयोजित प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, परिवहन, निवेश, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस यात्रा का एक बड़ा आकर्षण अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा का शुभारंभ भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।
द्विपक्षीय वार्ता से पहले दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच उपहारों का आदान-प्रदान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को त्रिवेणी का पवित्र जल भेंट किया। वहीं नेपाली प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को रुद्राक्ष की माला और नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट किया। इन उपहारों के माध्यम से दोनों देशों के बीच धार्मिक और आध्यात्मिक संबंधों की गहराई प्रदर्शित हुई। भारत और नेपाल के बीच केवल राजनीतिक और आर्थिक संबंध ही नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों की संस्कृति, परंपराएं और धार्मिक मान्यताएं भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं। भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम इन संबंधों के सबसे महत्वपूर्ण प्रतीक माने जाते हैं।हैदराबाद हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने दीर्घकालिक द्विपक्षीय लक्ष्यों और आर्थिक सहयोग को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान ‘समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत’ शीर्षक से संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किए जाने का कार्यक्रम भी निर्धारित है।
इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी, ऊर्जा सहयोग, व्यापार, परिवहन और आधारभूत ढांचे के विकास को नई दिशा देना है। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वार्ता का मुख्य फोकस व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास में आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर रहेगा। इसके अलावा नेपाल में हाल के दिनों में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और विकास में भारत की सहायता भी चर्चा के प्रमुख विषयों में शामिल है।