Report by : Santram Pandey
Published at :
रोइंग प्रतियोगिता के दूसरे वर्ल्ड कप में भाग लेने पोलैंड जाएंगे मेरठ के आशीष फोगाट
विज्ञापन
विज्ञापन

मेरठ। रोइंग के दूसरे वर्ल्ड कप में प्रतिभाग करने के लिए मेरठ के आशीष फोगाट पोलैंड जा रहे हैं। यह प्रतियोगिता 16 से 19 जून तक पोलैंड के पोज़नान शहर में होगी। इससे पहले इस साल रोइंग का पहला वर्ल्ड कप सर्बिया में 27-28 मई को हुआ था। इसमें टीम स्पर्धा में हिस्सा लेकर आशीष सातवें स्थान पर रहे थे। अब दूसरे वर्ल्ड कप में अधिक आत्मविश्वास के साथ वह पानी मे उतरने को तैयार हैं और प्रयास को पदक में बदलना चाहते हैं।
भोपाल में चला था केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर
वर्ल्ड कप के पहले भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय कैंप में आशीष फोगाट बुलंदशहर के ओलिम्पियन रोवर अरविंद व अन्य रोवर्स के साथ प्रशिक्षण ले रहे थे। आशीष लाइट वेट डबल में हिस्सा लेते हैं।
जीत चुके हैं दो एशियन चैंपियनशिप पदक
मेरठ में करनावल गांव के रहने वाले आशीष ने वर्ष 2017 में थाईलैंड में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में रोइंग स्वर्धा में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद अपने जोड़ीदार पंजाब के सुखविंदर के साथ 2021 में थाईलैंड में ही हुई एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। फरवरी 2022 में भी पुणे में हुई राष्ट्रीय स्पर्धा में रजत पदक जीता था। इसके अलावा आशीष एक वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। उनका चयन दो वर्ल्ड कप के लिए हुआ है जिसमें दुनिया के तमाम देश हिस्सा ले रहे हैं।
ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी से पहुंचे सेना
किसान ऋषिपाल फोगाट के पुत्र आशीष वर्ष 2015 में रुड़की छावनी में स्थित रोइंग की ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी में भर्ती हुए थे। यहीं पर उन्होंने रोइंग का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। यहां तीन साल पढ़ाई और प्रशिक्षण के बाद वर्ष 2018 में सेना में भर्ती हुए। वर्तमान में हवलदार के पद पर रहते हुए आशीष रोइंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं और भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
एशियन गेम्स का सोना है अगला लक्ष्य
आशीष वर्ल्ड कप में पदक जीतने के साथ ही एशियन गेम्स 2023 में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। यह प्रतियोगिता इसी वर्ष सितंबर में चीन में ही होनी थी जो कोविड के बढ़ते मामलों के कारण आयोजन की तिथि पीछे कर दी गई है। आशीष के अनुसार एक साल का अतिरिक्त समय मिलने से उनकी तैयारी और अच्छी हो सकेगी।

Follow E RADIO INDIA on WhatsAppJoin ›