
सदर बाजार पुलिस ने डेयरी संचालकों को नोटिस देकर पशु सड़क पर न छोड़ने की चेतावनी दी
मेरठ कैंट क्षेत्र में सड़कों पर घूमने वाली आवारा गायों की समस्या को लेकर अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। हिंदू युवा सेवा समिति गौ रक्षक टीम की शिकायत के बाद सदर बाजार थाना पुलिस और CO ने थाना क्षेत्र के सभी डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में साफ चेतावनी दी गई है कि डेयरी संचालक दूध निकालने के बाद अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें अपने खूंटे से बांधकर रखें। पुलिस के मुताबिक सड़क पर आवारा घूमते पशुओं के कारण आए दिन हादसे होते हैं, वाहन क्षतिग्रस्त होते हैं और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
समिति का दावा है कि कैंट क्षेत्र में 700 से ज्यादा आवारा गायें घूम रही हैं और औसतन रोजाना चार से पांच गाय हादसों का शिकार होती हैं। गौ सेवकों के मुताबिक घायल पशुओं का उपचार कराया जाता है, जबकि मृत पशुओं के निस्तारण की व्यवस्था भी उनके स्तर से की जाती है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर अब कोई पशु सड़क पर आवारा घूमता मिला तो गौ रक्षक टीम को पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा और ऐसे पशुओं को गौशाला भेजने की कार्रवाई की जाएगी। पशु मालिकों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की बात भी कही गई है।
हिंदू युवा सेवा समिति गौ रक्षक सदर मेरठ का कहना है कि यह कदम सड़क सुरक्षा के साथ पशु सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
इस दौरान समिति के योगेश ठाकुर नंबरदार, तनुज पंडित, रजत वालिया, आशुतोष मोहिते सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।







