
मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में सहारनपुर जाने से रोकने का आरोप, घर पर तैनात रही पुलिस
मेरठ में AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान को सहारनपुर जाने से रोके जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सहारनपुर रवाना होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें घर पर नजरबंद कर दिया और बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी।
बताया जा रहा है कि शादाब चौहान मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले को लेकर सहारनपुर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान शाम से ही उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
शादाब चौहान का आरोप है कि पुलिस उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक रही थी। उनका दावा है कि देर रात करीब डेढ़ बजे तक पुलिस उनके घर के बाहर मौजूद रही।
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर शादाब चौहान को सहारनपुर जाने से रोकने का आदेश किस स्तर से दिया गया था? क्या पुलिस के पास उन्हें रोकने के लिए कोई लिखित निर्देश या कानूनी आधार था?
कार्रवाई को लेकर शादाब चौहान ने सवाल उठाए हैं और पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा है। वहीं, पुलिस की ओर से इस कार्रवाई की वजह और आधिकारिक आदेश को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले के बीच पहले सपा विधायक अतुल प्रधान और अब AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान के सहारनपुर जाने से रोके जाने के दावों ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस-प्रशासन इस पूरे मामले पर क्या आधिकारिक स्पष्टीकरण देता है।







