
जर्जर छात्रावास और बदसलूकी के आरोपों पर हर्ष ढाका के नेतृत्व में प्रदर्शन
मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेता हर्ष ढाका के नेतृत्व में छात्रों ने कुलपति कार्यालय के समक्ष अपनी मांगें उठाईं।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय के कई छात्रावासों की स्थिति बेहद खराब है। कई जगह दीवारें जर्जर और क्षतिग्रस्त हैं, जबकि दूर-दराज से पढ़ाई करने आने वाले विद्यार्थियों को पर्याप्त छात्रावास उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
छात्रों के मुताबिक, कई कमरों में क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को रखा जा रहा है। एक कमरे में तीन-तीन छात्रों के रहने की व्यवस्था से पढ़ाई, आराम और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। अतिरिक्त बेड की व्यवस्था भी विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
छात्र नेता हर्ष ढाका ने कुलपति कार्यालय पहुंचकर जर्जर छात्रावासों की तत्काल मरम्मत, विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दूर-दराज से आने वाले छात्रों के लिए पर्याप्त हॉस्टल उपलब्ध कराने की मांग की।
छात्रों ने कहा कि एक कमरे में क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को रखने की व्यवस्था खत्म की जाए और छात्रावासों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए नए हॉस्टल बनाए जाएं।
प्रदर्शन में शान मोहम्मद, शायरब चौधरी, अक्षय बैसला, अक्षय मलिक, शेखर चौधरी, आलोक बैसला, अक्षय सिंह और शिवम सिंह समेत अन्य छात्र मौजूद रहे।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो छात्र हित में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।







