
वर्चस्व की लड़ाई में छात्र गुट भिड़े, छह हिरासत में
मेरठ कॉलेज में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छात्रों के दो गुट सरेआम आपस में भिड़ गए। करीब डेढ़ बजे कॉलेज परिसर में वर्चस्व को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और लात-घूंसों के साथ बेल्ट से भी हमला करने की बात सामने आई है।
अचानक हुए इस बवाल से कॉलेज में मौजूद छात्राओं और दूसरे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्राएं घबराकर सुरक्षित जगहों की ओर भागती नजर आईं। सूचना मिलते ही लालकुर्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच मारपीट जारी रही।
हालात बिगड़ते देख एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले भारी पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कराया।
घटना के वक्त कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. युद्धवीर सिंह और चीफ प्रॉक्टर के छुट्टी पर होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्र नेता अभिनव मल्लापुर और विजित तालियान समेत छह युवकों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में बाहरी युवकों के कॉलेज परिसर में प्रवेश की बात भी सामने आई है।
अब पुलिस जांच का अहम सवाल यही है कि बाहरी युवकों की कॉलेज में एंट्री कैसे हुई और विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई। घटना ने मेरठ कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










