
मेरठ। पति की हत्या के मामलों में जेल में बंद मुस्कान रस्तोगी और रविता ने करवा चौथ का व्रत रखने की इच्छा जताई है। एक सामाजिक संस्था ने उनकी मांग पर चूड़ी, बिंदी और श्रृंगार का सामान उपलब्ध कराया है। संजीवनी महिला क्लब की पदाधिकारी निशि जैन के अनुसार, संस्था हर साल करवा चौथ पर महिला बंदियों को श्रृंगार का सामान देती है। इस बार जेल में मुलाकात के दौरान मुस्कान और रविता ने व्रत रखने की इच्छा जाहिर की, जिसके बाद उन्हें सामान उपलब्ध कराया गया।
मुस्कान पर अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या कर शव के टुकड़े नीले ड्रम में रखने का आरोप है, जबकि रविता अपने पति की हत्या के मामले में जेल में बंद है। दोनों के प्रेमी साहिल और अमनदीप भी जेल में बंद हैं। जेल अधीक्षक वीरेश राज के अनुसार, करवा चौथ पर महिला बंदियों को उनके पति से मिलवाने की व्यवस्था होती है, लेकिन पति-पत्नी का संबंध नहीं होने पर प्रेमियों से मुलाकात का प्रावधान नहीं है। ऐसे में मुस्कान और रविता की अपने प्रेमियों से मुलाकात नहीं हो सकेगी।

