
मेरठ। करवा चौथ के दिन जहां देशभर में तमाम सुहागनें अपने सुहाग की रक्षा के लिए व्रत रख रही हैं। वहीं, दूसरी तरफ एसएसपी ऑफिस पहुंचे बीएसएफ के जवान ने अपनी पत्नी से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मुबारकपुर सलामतपुर गांव के रहने वाले अशोक कुमार बृहस्पतिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे। अशोक ने बताया कि वह बीएसएफ में तैनात हैं। अशोक के मुताबिक उनकी शादी 10 फरवरी 2012 को मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के रछौती गांव की रहने वाली नीलम से हुई थी। अशोक का आरोप है कि नीलम और उसके परिवार ने अशोक और उनके परिवार के खिलाफ कई झूठे मुकदमे दर्ज करा रखे हैं। 25 अगस्त 2026 को अशोक जब कोर्ट में तारीख पर आए तो नीलम और उसके परिजनों ने उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें एक और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। अशोक ने आरोप लगाया कि नीलम और उनके परिवार वालों की नजर अशोक की नौकरी से मिलने वाले पैसे और उनकी संपत्ति पर है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते अशोक अपने बूढ़े मां-बाप की देखभाल के लिए भी मेरठ में नहीं रह सकते। अशोक ने अपनी पत्नी से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। जिस पर अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।

