
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी इलाके में खुलेआम स्मैक बेचे जाने का आरोप लगाते हुए क्षेत्रवासियों ने नशा तस्करों का वीडियो वायरल किया है। क्षेत्र के लोगों ने आला अधिकारियों से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
तारपुरी गली नंबर 9 निवासी बिलकिस और सिराजुद्दीन आदि का आरोप है कि कुछ समय पहले तक इलाके में एक दबंग किराए के मकान में रहता था। किराएदार इस मकान में खुलेआम स्मैक बेचता था। जिसके चलते क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता था। इस मामले में कई बार लिसाड़ी गेट थाने और पिल्लोखड़ी पुलिस चौकी में शिकायत की गई। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। कुछ समय पहले उक्त दबंग मकान खाली करके चला गया। अब सुहेल नाम का युवक अपने परिवार के साथ मकान में किराए पर रह रहा है। सुहेल ने आरोप लगाया कि ड्रग सप्लायर अब भी उसके मकान के बाहर खड़े होकर खुलेआम स्मैक बेचता है। रात में कभी भी नशेड़ी उसके घर का दरवाजा खटखटाकर उससे स्मैक की डिमांड करते हैं। जिसके चलते सुहेल का परिवार भी परेशान हो गया है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि नशा तस्करों के आतंक के चलते क्षेत्र में शरीफ लोगों का रहना मुहाल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने खुलेआम स्मैक बेचे जाने का एक वीडियो भी मीडिया को सौंपा। इसी के साथ आरोप लगाया कि थाना पुलिस ड्रग सप्लायरों से मिली हुई है। क्षेत्रवासियों ने आला अधिकारियों से ड्रग्स सप्लायर दबंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

