
- सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
- एनएसएस स्वयंसेवकों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
मेरठ के देवनागरी इंटर कॉलेज में 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य डॉ. सुशील कुमार सिंह सहित विद्यालय के स्टाफ द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. सुशील कुमार सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का असाधारण जीवन, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोने में उनका ऐतिहासिक योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक मनोहर लाल ने स्वतंत्रता के बाद देश की रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गृहमंत्री के रूप में पटेल ने भारत की अखंडता सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक प्रयास किए।
वरिष्ठतम प्रवक्ता रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरित है। उनके विचार आज भी राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
इसके बाद कार्यक्रम अधिकारी राहुल जायसवाल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. युवराज शर्मा, डॉ. सोनवीर सिंह सोलंकी, राजीव कुमार, डॉ. मनिंदर सिंह और तरुण कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।

