
मेरठ में धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयानों पर सपा का विरोध, SSP से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग
भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर कथित टिप्पणियों पर अब मेरठ में भी विवाद गहराने लगा है! बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयानों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। सपा नेताओं का आरोप है कि भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी और उनकी मुद्रा को लेकर कथित तौर पर उपहासपूर्ण टिप्पणी की गई, वहीं भगवान श्रीराम के संदर्भ में भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। नेताओं ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की सत्यता, बयान के पूरे संदर्भ और वास्तविक शब्दों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी कानून का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाए। इस दौरान एडवोकेट अनुज भड़ाना, शशिकान्त गौतम और छात्र नेता अक्षय यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अब सवाल यह है कि पुलिस जांच में वीडियो और कथित बयानों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं। फिलहाल, शिकायत के बाद मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया है।

