SSP ने किया परतापुर थाने का निरीक्षण

1873148 whatsapp image 2025 imresizer 2025 05 14t180131915
e radio india meerut

लंबित मामलों पर जल्द कार्रवाई, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

मेरठ में पुलिस व्यवस्था को परखने के लिए बुधवार रात एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति अचानक परतापुर थाने पहुंचे। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के साथ हुए वार्षिक निरीक्षण में थाने के मालखाने से लेकर अभिलेखों तक की बारीकी से जांच की गई।

एसएसपी ने माल रजिस्टर, असलहा, बीट रजिस्टर, क्राइम रजिस्टर और विभिन्न कार्यालयों के दस्तावेजों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस चौकियों की जानकारी लेते हुए लंबित मुकदमों की समीक्षा की और मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मिशन शक्ति केंद्र, डाक दफ्तर, सीसीटीएनएस कार्यालय और साइबर ऑफिस का भी निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और ईमानदारी व निष्ठा के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी।

एसएसपी ने कहा कि बेहतर और ईमानदारी से काम करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के बाद एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से हाथ मिलाकर उनकी हौसलाअफजाई भी की। उन्होंने थाना प्रभारी अजय शुक्ला की कार्यशैली और थाना परिसर के रखरखाव की सराहना करते हुए व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश, थाना प्रभारी अजय शुक्ला समेत थाने के सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे।