- पंडित अंकित शर्मा ने दिखाई हरी झंडी
मेरठ। श्रावण मास के पावन अवसर पर सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के जानी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम डालूहेड़ा में समस्त ग्रामवासियों द्वारा भगवान भोलेनाथ की भक्ति में आयोजित हवन-पूजन एवं कांवड़ यात्रा शुभारंभ समारोह का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन किया गया।कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश खातोदिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंडित अंकित शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने विधिवत हवन-पूजन में सहभागिता की तथा भगवान शिव के जयघोष के बीच श्रद्धालु कांवड़ यात्रियों को हरिद्वार के लिए हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए रवाना किया। अपने संबोधन में पंडित अंकित शर्मा ने कहा कि श्रावण मास भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, समर्पण और समाज में भाईचारे का संदेश देने वाली परंपरा है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी शिवभक्तों की सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. वेद प्रकाश शर्मा , ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष पंडित घनश्याम शर्मा, पंडित रविंद्र शर्मा, टीकम सिंह भगत जी, गिरीश शर्मा तथा अनुज भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।







