
विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने किया उद्घाटन
मेरठ। सिवाल खास विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रासना में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रथम परशुराम वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक गुलाम मोहम्मद ने फीता काटकर किया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने कहा कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारा संकल्प है कि सिवाल खास की प्रत्येक युवा प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर, उचित प्रोत्साहन और सम्मान मिले। जब युवा आगे बढ़ेंगे, तभी हमारा पूरा क्षेत्र प्रगति करेगा।प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे और पूरा मैदान उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के अंत में विधायक गुलाम मोहम्मद ने दोहराया कि राष्ट्रीय लोक दल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास के लिए हर कदम पर उनके साथ मुस्तैदी से खड़ा है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







