
सेंट्रल मार्केट विवाद पर गुरुद्वारा चौक से आवास विकास कार्यालय तक महाघेराव
मेरठ में मूसलाधार बारिश के बीच सेंट्रल मार्केट का विवाद सड़क पर उतर आया है। जलमग्न सड़कों के बीच व्यापारियों और समर्थकों का गुस्सा ऐसा उमड़ा कि गुरुद्वारा चौक से आवास विकास परिषद कार्यालय तक महाघेराव के लिए प्रदर्शनकारी निकल पड़े।
शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर व्यापारी अपनी दुकानों और रोजी-रोटी से जुड़े सवालों पर ठोस और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। गुरुद्वारा चौक पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बारिश के बीच आवास विकास कार्यालय की ओर कूच किया।
हालांकि, मेरठ बंद की तस्वीर पूरे शहर में एक जैसी नहीं रही। शास्त्रीनगर में जहां प्रदर्शन का असर और आक्रोश साफ दिखाई दिया, वहीं घंटाघर, मीना बाजार, घंटाघर चौराहा, लाला का बाजार और अहमद रोड समेत कई प्रमुख बाजारों में दुकानें खुली रहीं और कारोबार सामान्य नजर आया।
उधर, आवास विकास परिषद कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों की भीड़ और पुलिस की मौजूदगी से मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है।
अब बड़ा सवाल यही है कि सेंट्रल मार्केट विवाद को लेकर सरकार और प्रशासन प्रदर्शनकारियों को क्या राहत देता है और क्या इस आंदोलन का कोई स्थायी समाधान निकल पाता है।







