
बृजभूषण शरण सिंह की बेटी बोलीं – शीर्ष नेतृत्व का निर्देश मिला तो जरूर लड़ूंगी
क्या पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह अब चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं? इस सवाल पर शालिनी सिंह ने अपना रुख साफ कर दिया है। उनका कहना है कि अगर उनका नेतृत्व प्रभावी रहा और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को यह उचित लगा, तो उनके निर्देश पर वह चुनाव जरूर लड़ेंगी।
PTI को दिए इंटरव्यू में शालिनी सिंह ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से नोएडा में रहकर सक्रिय हैं और लंबे समय से समाज सेवा से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कुछ कविताएं वायरल होने के बाद लोगों का ध्यान उनकी ओर गया और इसके बाद लोगों को पता चला कि वह किसकी बेटी हैं।
शालिनी सिंह ने राजनीति को केवल पार्टी की सीमाओं तक सीमित रखने के बजाय मुद्दों के आधार पर देखने की बात कही। उनका कहना है कि नेता की पहचान सिर्फ पार्टी के टिकट या किसी आधिकारिक पद से नहीं, बल्कि उसके नेतृत्व और जनता के बीच प्रभाव से होती है।
उन्होंने बताया कि वह राष्ट्रीय सेविका समिति की तीसरे वर्ष की प्रशिक्षित सदस्य हैं और हाल ही में नागपुर में तीसरे वर्ष की ट्रेनिंग पूरी की है।
वहीं, राजनीतिक परिवार से आने को लेकर होने वाली भाई-भतीजावाद की आलोचना पर भी शालिनी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिवार में जन्म लेने के बावजूद अपनी काबिलियत साबित करने की चुनौती ज्यादा होती है।
शालिनी सिंह के मुताबिक, अगर किसी परिवार ने अच्छा काम किया है तो उस परिवार से ताल्लुक रखना उनकी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही लोगों के बीच रहकर उनकी जरूरतों को समझना उन्होंने सीखा है।
अब शालिनी सिंह के इस बयान के बाद उनकी संभावित चुनावी एंट्री को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने फिलहाल किसी सीट या चुनाव का नाम नहीं लिया है और अपना फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश से जोड़कर रखा है।







