
मेरठ। दो दिन पहले जानी थाना क्षेत्र में ड्राइवर पर हमला करके सरिये से भरा कैंटर लूटने वाले बदमाशों की देर रात पुलिस के साथ उठेड़ हो गई। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से सरियों से लोड दो कैंटर और हथियार बरामद किए है। फायरिंग के दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल भी हुआ है। एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि 19 अक्टूबर को बिहार निवासी विकास कुमार दक्षिण दिल्ली से कैंटर में 10 टन सरिया लोड करके रवाना हुआ था। इसी दौरान जानी थाना क्षेत्र में नहर पुल के पास बदमाशों ने विकास को गन पॉइंट पर रोक कर मारपीट करते हुए उससे सरिये से भरा कैंटर लूट लिया था। इस मामले में कैंटर मलिक दिल्ली निवासी रंजीत कुमार द्वारा जानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश लूटे गए सरिये को दूसरे कैंटर में लोड कर रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने सिवाल पुल पर बदमाशों की घेराबंदी कर ली। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में जाने के कुराली गांव का रहने वाला अमनीत उर्फ धर्म सिंह पैर में गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने अमनीत सहित उसके दो अन्य साथी रमन जाटव और रोहित कश्यप को भी गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से दो आईसर कैंटर में लोड लूटा गया सरिया, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए। घायल बदमाश अमनीत का अच्छा खासा आपराधिक इतिहास है। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के दो साथी मौके से फरार हुए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।

