
मेरठ कचहरी में हस्ताक्षर अभियान शुरू, पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच स्थापना के लिए जुटेंगे जनसमर्थन
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अब आंदोलन को जनसमर्थन से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है! मेरठ कचहरी के मुख्य चौराहे पर सोमवार, 2 नवंबर को हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन पर लोगों के हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। समिति का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय पाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में मेरठ या पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापित होने से आम जनता और अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिल सकती है। समिति के चेयरमैन अनुज कुमार शर्मा और संयोजक परवेज आलम ने मेरठ के अधिवक्ताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। संघर्ष समिति का उद्देश्य इस मांग के समर्थन में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है। समिति ने साफ किया है कि हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

