
मेरठ। प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज प्रेमी बृहस्पतिवार को घुमाने के बहाने बाइक पर बिठाकर प्रेमिका को परतापुर क्षेत्र में ले गया। जहां गला दबाकर उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10:00 बजे फिरोज नाम के शख्स ने पुलिस को सूचना दी कि शताब्दी नगर में एक युवती का मर्डर हो गया है। इसके बाद परतापुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को प्रेम नर्सिंग होम के सामने शताब्दी नगर सेक्टर 6 स्थित एक खेत में 25 वर्षीय समरीन की लाश बरामद हुई।

शव के पास से ही लिसाड़ी गेट के रहने वाले फिरोज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में फिरोज ने बताया कि उसके पिछले 6 साल से लिसाड़ी गेट की गड्ढे वाली मस्जिद निवासी समरीन के साथ प्रेम संबंध थे। कुछ समय पहले समरीन के परिवार ने एक दूसरे युवक से समरीन का रिश्ता तय कर दिया था। इसके बाद समरीन ने फिरोज से बातचीत बंद कर दी। बृहस्पतिवार को फिरोज बाइक पर घुमाने के बहाने समरीन को मौके पर लाया। जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से फिरोज को गिरफ्तार करते हुए उसकी बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। वहीं, समरीन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा है।

