
मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में ड्रग सप्लायर परिवार के आतंक से त्रस्त क्षेत्रवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में बैनर लेकर एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। इसी के साथ ड्रग माफिया परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नई बस्ती लल्लापुरा निवासी सागर के साथ शनिवार को क्षेत्र के रहने वाले दर्जनों पुरुष और महिलाएं एसएसपी ऑफिस पहुंचे। ड्रग सप्लायर परिवार के खिलाफ पूरी शिकायत लिखा हुआ एक बैनर हाथ में लेकर क्षेत्रवासियों ने कप्तान ऑफिस पर प्रदर्शन किया। जनसुनवाई कर रहे सीओ से मिलकर क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र का रहने वाला एक पूरा परिवार खुलेआम गांजा बेचता है। नशे की चपेट में आकर आसपास के इलाकों के युवा बर्बाद हो रहे हैं। यदि कोई क्षेत्रवासी ड्रग सप्लायर परिवार का विरोध करता है तो दबंग परिवार विरोध करने वालों को गोली मारकर हत्या करने की धमकी देता है। इस मामले में एक दिन पहले भी टीपी नगर थाने में शिकायत की गई। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा ड्रग माफिया का परिवार क्षेत्रवासियों को ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। इसके बाद जनसुनवाई कर रहे सीओ ने थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

