
मेरठ। गाजियाबाद के हिंदू संगठन के पदाधिकारियों द्वारा केसरगंज स्थित मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ किए जाने के ऐलान के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। देर रात ही जहां हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही को उनके घर में हाउस अरेस्ट कर लिया गया। वहीं, मंगलवार सुबह दिन निकलने से पहले केसरगंज मस्जिद के आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील करते हुए फोर्स तैनात कर दी गई। एसपी सिटी ने शहर का माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बताते चलें कि दो दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ

जिसमें गाजियाबाद के हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके साथी ललित शर्मा ने मंगलवार को केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद पर पहुंचकर हनुमान चालीसा के पाठ का ऐलान किया था। सोमवार को मस्जिद के मुतवल्ली ने एआईएमआईएम के नेताओं के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। जिस पर एक्शन मोड में आए पुलिस-प्रशासन ने देर रात ही एक अन्य हिंदू संगठन से जुड़े पदाधिकारी सचिन सिरोही को मानसरोवर कॉलोनी स्थित उनके घर में हाउस अरेस्ट कर लिया। सचिन सिरोही ने पुलिस पर अपने घर में घुसकर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए सीएम योगी से कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस ने मंगलवार को दिन निकलने से पहले केसरगंज मस्जिद को जाने वाले दोनों रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाते हुए उन्हें सील कर दिया। पांच थानों की फोर्स के साथ मौके पर पीएसी भी तैनात की गई। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों को भी आईडी देखने के बाद ही इलाके में प्रवेश की अनुमति दी गई। इसी के साथ पुलिस ने माइक अनाउंसमेंट करते हुए लोगों को बेवजह अपने घरों से न निकलने की नसीहत दी। एसपी सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि इलाके में शांति बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर का माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से निपटेगी।

